इंदौर. जवाहर मार्ग पर फ्लाईओवर का प्रस्ताव 11 साल बाद फिर फाइलाें से बाहर आ गया। निगम प्रशासक की जिम्मेदारी संभालने के छठवें दिन संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी द्वारा ली गई बैठक में फ्लाईओवर का प्रस्ताव फिर से निकाला गया है। ब्रिज की व्यवहारिकता तय करने के लिए 15 दिन में फिजिबिलिटी सर्वे करने के भी निर्देश दिए। बताया गया कि 60 कराेड़ रुपए से ज्यादा में यह फ्लाईओवर बनेगा।
महापौर बनने के बाद ठंडे बस्ते में डाल दिया था प्रोजेक्ट
जवाहर मार्ग पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव 11 साल पहले भी तैयार किया गया था, लेकिन विधानसभा क्षेत्र 4 की विधायक मालिनी गौड़ ने विरोध कर निरस्त करवा दिया था। उसके बाद मालिनी इंदौर नगर निगम की महापौर बन गई थी जिसके चलते यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब उनका महापौर कार्यकाल खत्म होते ही फिर इस प्रस्ताव पर शासन सक्रिय हो गया है। जवाहर मार्ग पर एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव करीब 11 साल पहले तत्कालीन महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने बनाया था। इसके भूमिपूजन के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आ गए थे। हालांकि विधायक गौड़ ने व्यापारियों के साथ इसके विरोध में धरना देने की बात कही थी। इस पर प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया था। महापौर बनने के बाद गौड़ ने इसके विकल्प के रूप में सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड का काम शुरू करवाया दिया था। निगम परिषद का कार्यकाल 19 फरवरी को पूरा होने के बाद अधिकारियों को इस प्रस्ताव की फिर याद आ गई।
सुझाव : राज मोहल्ला से संजय सेतु तक के हिस्से में ही बनाएं फ्लाईओवर
बैठक में संभागायुक्त ने इस फ्लाईओवर को लेकर चर्चा की। इस पर निगमायुक्त आशीष सिंह ने कहा कि इसका फिजिबिलिटी सर्वे करवाना जरूरी है। 11 साल पहले और अब की स्थिति और ट्रैफिक में बहुत फर्क आ गया है। यह भी देखना है कि कितने वाहन चालक हैं जो सीधे राज मोहल्ला से पटेल ब्रिज तक आना-जाना करते हैं। बैठक में ब्रिज को राज मोहल्ला से संजय सेतु तक ही रखने पर भी चर्चा हुई। यह भी बात आई कि इसकी भुजाएं संजय सेतु और कुछ स्थानों पर दी जाएं। संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका फिजिबिलिटी सर्वे 15 दिन में पूरा करवाएं।
राहत : ब्रिज के नीचे से भी आ-जा सकेंगे वाहन
संभागायुक्त ने कहा व्यापारी इस फ्लायओवर का विरोध इसलिए कर रहे थे कि उनका व्यापार प्रभावित होगा। हालांकि यह फ्लाईओवर ट्रैफिक सुचारू करने के लिए होगा। नीचे रोड से भी वाहनों का आवागमन होता रहेगा। फंड की कमी को देखते हुए तय किया कि आईडीए से भी फ्लाईओवर बनाने में मदद ली जाएगी।
साैंदर्यीकरण : ढाई किमी में संवरेगी कान्ह, सरस्वती नदी
कान्ह और सरस्वती नदी के शुद्धिकरण व सौंदर्यीकरण के कार्य की समीक्षा में संभागायुक्त ने कहा सभी कार्य मार्च के अंत तक पूरे हो किए जाएं। सीपी शेखर नगर में बनाए जा रहे उद्यान में बाेटिंग की व्यवस्था भी हो। गंगवाल-सरवटे बस स्टैंड, एमजी रोड और सुभाष मार्ग के चौड़ीकरण की भी समीक्षा की। संभागायुक्त ने अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की संभावनाएं पता कर इस पर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
डेडलाइन : जून तक पूरा करें पुल, सरवटे स्टैंड, गांधी हॉल प्रोजेक्ट
बैठक में बताया कि रुपयों की कमी से विकास कार्य धीमे हो गए हैं। ऐसे में जरूरी प्रोजेक्ट का चयन कर पहले उन्हें फंडिंग दी जाएगी। कुलकर्णी का भट्टा पुल का निर्माण 15 जून, सरवटे बस स्टैंड का काम 30 जून और गांधी हॉल का निर्माण कार्य भी जून अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए। नेहरू पार्क का जीर्णोद्धार, विश्राम बाग और छोटा नेहरू स्टेडियम को भी जल्द पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने भंवरकुआं से तेजाजी नगर तक फोरलेन और बायपास की सर्विस रोड जल्द बनाई जाए।